रात के अंधेरे में भी ट्रैफिक नियम तोड़े तो सीधे घर पहुंचेगा चालान
जयपुर, 25 जून (हि.स.)। राजधानी जयपुर में अब यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक रात के अंधेरे का फायदा नहीं उठा सकेंगे। जयपुर यातायात पुलिस ने इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के तहत शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर लगाए गए 47 अत्याधुनिक कैमरों के माध्यम से 24 घंटे ऑनलाइन चालान व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। इसके तहत ओवर स्पीड और रेड लाइट जंप करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ दिन-रात कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में आईटीएमएस के जरिए अधिकतम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने बताया कि रात के समय सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम होने के कारण कई चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं और ट्रैफिक सिग्नल की अनदेखी करते हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि यातायात पुलिस ने 23 और 24 जून की रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक विशेष निगरानी अभियान चलाया। इस दौरान ओवर स्पीड के सबसे अधिक 125 चालान सरस पार्लर चौराहे पर दर्ज किए गए। इसके अलावा कॉमर्स कॉलेज क्षेत्र में 52 और नेहरू गार्डन क्षेत्र में 7 चालान बनाए गए।
वहीं रेड लाइट उल्लंघन के मामलों में सांगानेरी गेट तिराहे पर सर्वाधिक 408 चालान दर्ज किए गए। रामनिवास बाग चौराहे पर 372, पांच बत्ती चौराहे पर 245 तथा यादगार तिराहे पर 127 ऑनलाइन चालान बनाए गए।
यातायात पुलिस के अनुसार इन स्थानों पर दिन और रात दोनों समय नियमों के उल्लंघन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन्हें कैमरों की मदद से चिन्हित कर ऑनलाइन चालान भेजे जा रहे हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़कें खाली देखकर तेज गति से वाहन न चलाएं और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें। यातायात नियमों की अनदेखी न केवल कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकती है,बल्कि गंभीर सड़क हादसों का भी जोखिम बढ़ाती है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश