विनोद बाफना अंतरराष्ट्रीय वैश्य सम्मेलन में सम्मानित
बीकानेर, 07 जुलाई (हि.स.)। निर्विकल्प फाउंडेशन के सदस्य एवं समाजसेवी विनोद बाफना को नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वैश्य सम्मेलन में समाज सेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सम्मानित किया।
नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वैश्य सम्मेलन के 14वें स्थापना दिवस एवं वैश्य मित्र सम्मान समारोह में देशभर के समाजसेवी, उद्योगपति, शिक्षाविद तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। समारोह में समाज निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में विनोद बाफना को जनसेवा और समाजहित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में बीकानेर के युवा उद्योगपति विजय बाफना का भी केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने स्वागत एवं अभिनंदन किया।
निर्विकल्प फाउंडेशन के संस्थापक-निदेशक एवं नेशनल करियर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विनोद बाफना को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे बीकानेर और निर्विकल्प फाउंडेशन परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाफना भविष्य में भी समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा देते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव