पानी की मांग को लेकर टंकी पर चढ़े ग्रामीण
नीचे कूदने की चेतावनी, समझाइश पर उतरे
जोधपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। लूणी तहसील के कांकाणी गांव में पिछले कई दिनों से पानी की भारी समस्या का सामना कर रहे ग्रामीणों ने आज पानी की टंकी पर चढ़ कर प्रदर्शन किया और टंकी से कूदने की चेतावनी दी। गांववासियों का आरोप था कि उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है, जिसके कारण उनकी जीवन-यात्रा प्रभावित हो रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को समझाइश देने की कोशिश की। ग्रामीणों ने एईएन को मौके पर बुलाने की मांग की। इसके बाद जलदाय विभाग से एईएन भी वहां पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
दरअसल जोधपुर जिले में भीषण गर्मी के कारण पेयजल संकट गहराता जा रहा है। जिले का मुख्य पेयजल स्रोत कायलाना झील भी सूखने के कगार पर है, जिससे पानी की आपूर्ति में दिक्कत आ रही है। इसके अलावा, इंदिरा गांधी नहर भी मई महीने के मध्य तक बंद रहेगी, जिससे पानी की आवक और भी कम हो जाएगी।
17 मई के बाद कायलाना में पानी की आपूर्ति फिर से शुरू होगी। इस स्थिति को लेकर शहर और गांवों में पेयजल की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश