बाईपास की मांग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क जाम कर जलाए टायर; छह घंटे यातायात ठप

 


जालोर, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले के नून गांव में पिछले पांच वर्षों से लंबित बाईपास निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण सांथू-आकोली मुख्य मार्ग पर एकत्रित हुए और एमडीआर सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए, पेड़ों की डालियां डालकर रास्ता अवरुद्ध किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलन के चलते करीब छह घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बीच से गुजरने वाली एमडीआर सड़क बेहद संकरी है और इसी मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही होती है। इसके कारण आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। दो दिन पहले हुए हादसे में दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया, जिसके बाद उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया।

प्रदर्शन के दौरान सरपंच प्रतिनिधि हमीर सिंह ने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों से लगातार बाईपास निर्माण की मांग की जा रही है। पहले प्रशासन ने भूमि उपलब्ध नहीं होने का कारण बताया था, लेकिन बाद में ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर बाईपास के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध करा दी।

सैटेलाइट सर्वे के आधार पर बाईपास का नक्शा तैयार कर संबंधित विभाग और राज्य सरकार को भी भेजा गया, इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि बाईपास के लिए भूमि आवंटन सहित सभी आवश्यक राजस्व और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर फाइल आगे नहीं बढ़ाई जा रही है। गांव के बीच से गुजरने वाली सड़क की चौड़ाई मात्र 7 से 8 फुट होने के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

शुक्रवार को ग्रामीणों ने धरना शुरू किया और सड़क जाम कर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की।

उन्होंने बाईपास निर्माण से जुड़ी लंबित राजस्व प्रक्रिया और सैटेलाइट मैप का कार्य शीघ्र पूरा कर प्रस्ताव के निस्तारण का आश्वासन दिया।

तहसीलदार के आश्वासन के बाद दोपहर में ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर सड़क जाम खोल दिया, जिसके बाद करीब छह घंटे से बाधित यातायात फिर से सुचारु हो सका। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बाईपास निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो भविष्य में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित