विधायक ने किया की उपलब्धियों वाली प्रदर्शनी का अवलोकन, आक्या बोले योजनाओं का मिल रहा सीधा लाभ
चित्तौड़गढ़, 17 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं सुशासन की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” का बुधवार को समापन हुआ।
जिला मुख्यालय स्थित सूचना केंद्र, नेहरू बाजार में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की तथा आमजन से भी संवाद किया। विधायक आक्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, डिजिटल सेवाएं, सौर एवं अक्षय ऊर्जा, किसानों के कल्याण, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिनका सीधा लाभ आमजन तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं गरीब वर्ग के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने विशेष रूप से सौर ऊर्जा एवं पीएम कुसुम योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान अक्षय ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इससे किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो रहे हैं तथा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है। प्रदर्शनी में जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में आम जन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की ।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक टीआर कण्डारा ने बताया कि प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा संस्थागत विकास के क्षेत्र में हुई प्रगति को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को देश की विकास यात्रा से परिचित कराना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान अनिल इनाणी, शैलेन्द्र झ॔वर, करनल सिंह राठौड़, राजन माली सहित कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल