उदयपुर में बोले पूनिया— स्थानीय निकायों में जीत से कांग्रेस नेताओं के पेट में दर्द

 


उदयपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। उदयपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित उपमहापौर दिनेश भट्ट के पदभार ग्रहण समारोह में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पंजाब व जम्मू-कश्मीर प्रभारी सतीश पूनिया ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा जुबानी हमला बोला। पूनिया ने तंज कसते हुए कहा कि स्थानीय निकायों में भाजपा की जीत से कांग्रेस नेताओं के पेट में दर्द होने लगा है और सत्ता जाते ही पूर्व मुख्यमंत्री को दूसरों में केवल कमियां नजर आ रही हैं।

निगम परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सतीश पूनिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अब बुजुर्ग हो चुके हैं। उन्होंने कहा, मेरी पूरी सद्भावनाएं उनके साथ हैं कि वे स्वस्थ और प्रसन्न रहें, लेकिन समझ नहीं आता कि कुर्सी जाते ही वे इतने अप्रसन्न क्यों रहने लगे हैं। पूनिया ने कहा कि दूसरों को नसीहत देने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने पिछले पांच साल के शासनकाल का अवलोकन करना चाहिए।

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर प्रहार करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस का पांच साल का शासनकाल काले अक्षरों में दर्ज इतिहास जैसा है, जिसमें पेपर लीक और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया था। उन्होंने तंज कसा कि इतिहास में यह पहली ऐसी सरकार रही, जिसने अपने ही उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष पर राजद्रोह के मुकदमे दर्ज कराए और राजनीतिक संकट के समय महीनों तक होटलों में बंद रही।

उदयपुर नगर निगम में महापौर पारस सिंघवी और उपमहापौर दिनेश भट्ट के नेतृत्व की सराहना करते हुए सतीश पूनिया ने कहा कि अब उदयपुर में केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय की 'ट्रिपल इंजन' सरकार की भावना धरातल पर दिखाई देगी। वहीं पंजाब और जम्मू-कश्मीर की नई सांगठनिक जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर चुनौती को स्वीकार कर संगठन को मजबूत करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहता है। समारोह के दौरान नगर निगम परिसर में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के चलते धक्का-मुक्की का माहौल भी देखा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता