भाजपा की जीत पर अलवर में विजय उत्सव, कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मनाई खुशी

 






अलवर, 04 मई (हि.स.)। असम, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार सफलता के बाद अलवर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय उत्सव मनाया। भाजपा अलवर दक्षिण की ओर से नंगली सर्किल पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जीत का जश्न मनाया।

कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। पूरे क्षेत्र में “जय श्री राम” और “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा।

इस अवसर पर मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। देशभर में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि यह दिन पार्टी के लिए गौरव का क्षण है। जनता ने नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए विकास की राजनीति को समर्थन दिया है, जो देश के बड़े हिस्से में भाजपा के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय सिंह नरूका, नरेश गोयल, ऋषिराज शर्मा, देशराज खरेरा, अभिराम दीक्षित, हरीश यादव, राजेश तिवारी, जितेंद्र गोयल, नरेश ढाणावत, दीपक पंडित, मनोज चौहान, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, पंडित जले सिंह, जय सिंह यादव, सतीश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार