कॉर्पोरेट क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विहिप की अपील
जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कॉर्पोरेट क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उद्योग एवं व्यापार संगठनों से ठोस और त्वरित कदम उठाने की अपील की है।
विहिप के महासचिव बजरंग बागड़ा ने फिक्की, सीआईआई, एसोचैम, नैसकॉम सहित कई शीर्ष उद्योग संगठनों को पत्र लिखकर सुरक्षित कार्यस्थल वातावरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने हाल ही में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की नासिक इकाई से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न की हैं। बागड़ा ने कहा कि उद्योग संगठनों को अपने सदस्य संस्थानों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कॉर्पोरेट नीतियों और उनके क्रियान्वयन में सुधार नहीं किए गए, तो विहिप संवैधानिक उपाय अपनाने को बाध्य होगी। साथ ही परिषद द्वारा इन मामलों की सतत निगरानी भी की जाएगी।
विहिप ने नासिक प्रकरण में सामने आए तथ्यों को सुनियोजित और संगठित गतिविधियों का संकेत बताते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और प्रबंधन की निष्क्रियता ने स्थिति को और गंभीर बनाया है। परिषद ने कंपनियों से मानव संसाधन विभाग की नियुक्तियों की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का भी आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश