विहिप प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को सौंपा ज्ञापन
जयपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रांत प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) संजय अग्रवाल से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के जरिए आगामी त्योहारों पर शांति व सौहार्द बनाए रखने और व्यापारियों के हितों की रक्षा को लेकर प्रमुख मांगें रखी गईं।
विहिप ने मांग की है कि हिंदुओं के प्रमुख त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि असामाजिक तत्व और इन पर्वों में आस्था न रखने वाले समूह किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न करें। विशेष रूप से गरबा पांडालों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए और ऐसे तत्वों को पांडालों से पर्याप्त दूरी पर रखा जाए। विहिप के प्रांत अध्यक्ष सुभद्र पापडीवाल ने बताया कि स्थानीय जिला एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करने के लिए सभी जिला इकाइयों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक के समक्ष एक और प्रमुख मांग रखते हुए कहा कि दीपावली जैसे बड़े त्योहारों से कम से कम एक सप्ताह पहले छोटे फुटकर विक्रेताओं और व्यापारियों को देर रात तक दुकान व व्यापार संचालित करने की अनुमति दी जाए। विहिप नेताओं ने तर्क दिया कि छोटे व्यापारी अपने जीवन-यापन के लिए साल भर ऐसे त्योहारों का इंतजार करते हैं। इस विषय पर पुलिस महानिदेशक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी थानों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।
इस प्रतिनिधिमंडल में विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष अनिल गोठवाल, मंत्री राधेश्याम गौतम, बजरंग दल के प्रांत संयोजक परमवीर सिंह चौहान, सह संयोजक सुमित खंडेलवाल और प्रांत प्रचार-प्रसार संयोजक गजेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश