वीबी-जीराम जी योजना का जिलास्तरीय शुभारंभ, अब 125 दिनों का मिलेगा रोजगार
डूंगरपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय एवं जिले के समस्त उपखंड स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को पंचायत समिति डूंगरपुर की ग्राम पंचायत गड़ा मौरया में जीवा मोहन के घर के समीप कच्चे चेकडैम निर्माण कार्य का शुभारंभ कर किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद कनकमल कटारा, समाजसेवी अशोक पटेल (रणोली) एवं समाजसेवी बंशीलाल कटारा के आतिथ्य में एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद कनकमल कटारा ने कहा कि वीबी जी राम जी योजना के तहत अब माननीय प्रधानमंत्री के विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए वीबी-जीराम जी योजना को लागू किया गया है। इसके माध्यम से जहां एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के निर्माण कार्य करवाए जाएंगे, वहीं ग्रामीणों को अब 125 दिन का रोजगार मिल सकेगा।।
इस अवसर पर समाजसेवी अशोक पटेल (रणोली), बंशीलाल कटारा, निवर्तमान सभापति अमृतलाल कलासुआ, मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, अधिशासी अभियंता महेश ओझा तथा महेश पाटीदार ने भी योजना की विशेषताओं एवं लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व अतिथियों ने कार्यस्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा श्रमदान कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। श्रमिकों ने अतिथियों का उपर्णा ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विकसित भारत जी रामजी योजना के अंतर्गत जिले के समस्त उपखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में आमजन को विकसित भारत जी रामजी योजना की जानकारी प्रदान की गई तथा योजना के उद्देश्यों, विशेषताओं एवं लाभों से अवगत कराते हुए उन्हें लाभान्वित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष