चुनाव की तैयारियों को लेकर विभिन्न प्रकोष्ठ गठित

 


प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति

जोधपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। पंचायत एवं नगर निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को गति देने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर पालिका) एवं जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों का गठन कर प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की है। यह कार्रवाई राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना में की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदेश में निर्वाचन कार्य से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दायित्व सौंपते हुए समन्वय, नियंत्रण, पर्यवेक्षण एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। गठित प्रकोष्ठ निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक महत्वपूर्ण चरण में मतदान दलों के गठन एवं प्रशिक्षण से लेकर ईवीएम की तैयारी, परिवहन, मतदान सामग्री, मतगणना, कानून व्यवस्था, शिकायत निवारण, स्वीप, मीडिया, व्यय एवं नियंत्रण कक्ष तक की व्यवस्थाओं का समन्वित रूप से संचालन करेंगे। संपूर्ण निर्वाचन कार्य के समन्वय, नियंत्रण, पर्यवेक्षण एवं मॉनिटरिंग के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर प्रथम तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी जोधपुर जवाहर चौधरी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला रसद अधिकारी प्रथम अंजुम ताहिर सम्मा एवं तहसीलदार (निर्वाचन) रेखा देवी को सहायक प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। मतदान एवं मतगणना दलों के गठन, नियुक्ति तथा मतदान दलों की व्यवस्थित रवानगी संबंधी समस्त कार्यवाही के लिए कार्मिक प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। इसके प्रभारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जोधपुर आशीष कुमार मिश्रा होंगे। जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र जोधपुर दिवेश, अतिरिक्त विकास अधिकारी/अतिरिक्त आयुक्त (चतुर्थ), जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग महेंद्र राजपुरोहित तथा अधिशासी अभियंता, जिला परिषद सोहम स्वरूप शर्मा को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नियंत्रण कक्ष की स्थापना, सूचना प्राप्त करने एवं संबंधित सूचनाओं के समयबद्ध प्रेषण के लिए सहायक निदेशक लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग मधुलिका सिंवर को प्रभारी तथा नायब तहसीलदार डांगियावास किशन सिंह भाटी को सहायक प्रभारी बनाया गया है। आवास व्यवस्था के लिए उपायुक्त, जोधपुर विकास प्राधिकरण अदिति पुरोहित को प्रभारी तथा अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ग्रामीण विकास) गणपत लाल सुथार, अधीक्षण अभियंता नगर निगम जितेंद्र चौधरी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक समग्र शिक्षा अभियान रजनी शेखावत एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पुरुषोत्तम राजपुरोहित को सहायक प्रभारी नियुक्त किया गया है। मतदान एवं मतगणना से संबंधित सांख्यिकीय सूचनाओं के संधारण, संकलन एवं संप्रेषण के लिए संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग मीनाक्षी को प्रभारी बनाया गया है। सहायक निदेशक (सांख्यिकी) प्रेम पटेल, सहायक निदेशक (सांख्यिकी) हुकमी चंद लखारा, सांख्यिकी अधिकारी योगेश कौशिक एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दिवेश सहायक प्रभारी होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश