वंदे गंगा अभियान के तहत 356 जल संरक्षण कार्य स्वीकृत, 41 करोड़ लीटर बढ़ेगी जल संग्रहण क्षमता
बीकानेर, 3 जून (हि.स.)। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत बीकानेर जिले में बरसाती जल संग्रहण को बढ़ावा देने के लिए अब तक 356 कार्यों की स्वीकृति जारी की गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने पर जिले में 41.2 करोड़ लीटर अतिरिक्त वर्षा जल संग्रहण क्षमता विकसित होगी। इन पर लगभग 8.48 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
यह जानकारी जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे ने बुधवार को अभियान के अंतर्गत आयोजित मीडिया राउंड टेबल कार्यक्रम में दी। उन्होंने बताया कि अब तक मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान-2 एवं 3 के तहत 273 फार्म पॉन्ड तथा 83 टांकों की स्वीकृति जारी की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि 5 जून तक 244 अतिरिक्त कार्यों को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इनसे 17.4 करोड़ लीटर अतिरिक्त वर्षा जल संग्रहण क्षमता विकसित होगी तथा लगभग 3.95 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इस प्रकार सभी प्रस्तावित कार्य पूरे होने पर जिले में कुल 58 करोड़ लीटर अतिरिक्त वर्षा जल संग्रहण क्षमता का सृजन होगा।
जलग्रहण विभाग के अधीक्षण अभियंता महेश अजाड़ीवाल ने बताया कि 25 मई से 5 जून तक चल रहे अभियान के दौरान जिले में अब तक 12 हजार 839 गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इनके माध्यम से 12 लाख 79 हजार 31 लोगों को जल संरक्षण, जल बचत तथा बूंद-बूंद पानी के सदुपयोग के प्रति जागरूक किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 24 विभागों के सहयोग से राज्य सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा ही अब तक गांव-गांव में 10 हजार से अधिक छोटी-बड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया है।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने कहा कि जिले में ‘पर ड्रॉप-मोर क्रॉप’ की अवधारणा को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। जल संरक्षण और सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने के लिए जिले में 20 हजार से अधिक डिग्गियों का निर्माण किया जा चुका है तथा 14 हजार सोलर पंप संयंत्र स्थापित किए गए हैं। किसान सूक्ष्म सिंचाई, मिनी फव्वारा और फव्वारा प्रणाली के माध्यम से सिंचाई कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप खरीफ में 16 लाख हेक्टेयर तथा रबी में 6 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों की बुवाई हो रही है।
जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य ने अभियान के तहत मीडिया के सहयोग से आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए इसकी रूपरेखा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिला परिषद एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव