राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से मिले वंचित वर्ग न्याय अधिकार परिषद के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास नरवार

 


जयपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से वंचित वर्ग न्याय अधिकार परिषद के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास नरवार ने राजभवन में शिष्टाचार भेंट की और राज्यपाल बागड़े को सर्वोच्च न्यायालय की सात न्यायाधीशों की संविधान पीठ के 1 अगस्त 2024 के ऐतिहासिक निर्णय के अनुरूप राजस्थान में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के आरक्षण में उप-वर्गीकरण लागू करने तथा वंचित जातियों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक स्थिति की व्यापक समीक्षा कराने का आग्रह किया।

इस मौके पर नरवार ने राज्यपाल बागड़े को विगत दो वर्षों के निरंतर संघर्ष एवं प्रयासों से अवगत कराते हुए 12 जनवरी 2025 से प्रारंभ प्रदेशव्यापी वंचित वर्ग अधिकार रथ यात्रा, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम सौंपे गए 280 से अधिक ज्ञापनों, विगत 11 अप्रैल 2025 को महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम, नयापुरा, कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के मुख्य आतिथ्य में आयोजित रथ यात्रा के महा समापन तथा विगत 12 अक्टूबर 2025 को जयपुर के यूथ हॉस्टल में आयोजित ‘शौर्य एवं ज्ञान का महासंगम’ सहित समस्त जनजागरण अभियानों एवं संवैधानिक प्रयासों की जानकारी दी।

राज्यपाल बागड़े ने विषय की गंभीरता को समझते हुए शीघ्र सकारात्मक पहल का विश्वास दिलाया। संस्थापक अध्यक्ष नरवार ने बताया कि वंचित समाज को न्याय, अधिकार और समान अवसर दिलाने का हमारा संवैधानिक संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश