बैकुंठ चतुर्दशी:  136 साल पुराने बैकुंठ नाथ मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

 


जयपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी पर सोमवार को बैकुंठ चतुर्दशी का पर्व विशेष योग-संयोगों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर राजधानी के सोडाला स्थित 136 साल पुराने भगवान बैकुंठ नाथ जी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेंगी। सुबह से ही मंदिर में दर्शनार्थियों की आवाजाही रहेगी। श्रद्धालु भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी के बैकुंठनाथ स्वरूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मोक्ष की कामना करेंगे। महिलाएं मंदिर में 108 और 8 परिक्रमाएं लगाकर परिवार की खुशहाली की मनोकामना मांगेंगी। इस दिन चांदी का दान विशेष फलदायी माना जाता है।

पुजारी राजेंद्र शर्मा के अनुसार सोडाला स्थित भगवान बैकुंठ नाथ जी का मंदिर प्रदेश का एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी चतुर्भुज स्वरूप में विराजमान हैं। भगवान विष्णु की 4.45 फीट ऊंची प्रतिमा के चारों हाथों में शंख, चक्र, गदा और पद्म हैं। वहीं, मां लक्ष्मी की चार फीट ऊंची प्रतिमा के एक हाथ में कमल पुष्प और दूसरा हाथ आशीर्वाद की मुद्रा में है। मंदिर में स्थापित सिंहासन और बैकुंठी भी विशेष आकर्षण का केंद्र है। बैकुंठी में नाव, सीढ़ियां और भगवान विष्णु की चांदी की प्रतिमा दर्शनीय है।

मंदिर का इतिहास करीब 136 साल पुराना है। विधानसभा के पहले प्रोटेम स्पीकर रहे सामोद के जागीरदार रावल संग्राम सिंह की माता कंचन कंवर ने अपने पति फतेह सिंह की स्मृति में इस मंदिर का निर्माण करवाया था। वर्तमान में महंत पंडित नारायण की पांचवीं पीढ़ी मंदिर की देखरेख और पूजा-अर्चना की परंपरा निभा रही है। मंदिर की दीवारों पर स्वर्ण चित्रकारी के माध्यम से राम-सीता विवाह, राम राज्याभिषेक, नृसिंह अवतार और मत्स्य अवतार सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों को उकेरा गया है।

महंत कृष्ण चंद शर्मा और युवाचार्य पंडित विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि बैकुंठ चतुर्दशी ऐसी विशेष तिथि है, जिस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु दोनों की समान रूप से पूजा की जाएगी। इस अवसर पर शिवालयों में हरिहर मिलन के भाव से भगवान शिव और विष्णु की झांकियां सजाई जाएंगी। मान्यता है कि बैकुंठ धाम पहुंचने के लिए वैतरणी नदी पार करनी पड़ती है, इसलिए इस अवसर पर नाव सहित अन्य सामग्री का दान करना फलदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सभी देवता और ऋषि बैकुंठ लोक में एकत्रित होकर भगवान विष्णु की पूजा करते हैं। इसी कारण उन्हें बैकुंठनाथ कहा जाता है।

मंदिर से जुड़ी मान्यता के अनुसार यहां विराजित भगवान का विग्रह एक ही समय में अलग-अलग श्रद्धालुओं को अनेक स्वरूपों में दर्शन देता है। बैकुंठ चतुर्दशी पर श्रद्धालु दर्शन, पूजा-अर्चना और परिक्रमा कर परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश