नगर निगम के शहरी सेवा शिविर 15 जून से, विभिन्न समस्याओं का होगा मौके पर निस्तारण

 


जयपुर, 14 जून (हि.स.)। नगर निगम जयपुर द्वारा 15 जून से 15 जुलाई तक शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत सोमवार को सांगानेर जोन के अंबेडकर भवन स्थित सामुदायिक केंद्र में पहला शिविर आयोजित होगा। इसके लिए उपायुक्त डॉ. रवि कुमार गोयल को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि शहर के विभिन्न जोन कार्यालयों एवं सामुदायिक केंद्रों पर आयोजित होने वाले शिविरों का समय प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। अभियान के समग्र प्रभारी उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा होंगे। उन्होंने बताया कि शिविरों का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करना है। शिविरों में आमजन से प्राप्त शिकायतों, आवेदनों, सुझावों और लंबित मामलों का मौके पर समाधान किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, पेयजल, बिजली, बैठने और छाया की व्यवस्था भी की जाएगी।

आयुक्त ने बताया कि शिविरों में आवेदन ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। यदि कोई आवेदन ऑफलाइन प्राप्त होता है तो संबंधित अधिकारी उसे ऑनलाइन दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। अभियान के दौरान शहर की साफ-सफाई, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था में सुधार, नई स्ट्रीट लाइटों की स्थापना, बंद पड़ी लाइटों को चालू कराने, निराश्रित पशुओं को पकड़ने, सीसी एवं डामर सड़कों की मरम्मत, नालों और सीवर लाइनों की मरम्मत सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड पट्टे जारी करने, पट्टा संबंधी मामलों, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, उपविभाजन-पुनर्गठन, भवन निर्माण स्वीकृति, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र तथा अन्य राजस्व संबंधी प्रकरणों का भी समाधान किया जाएगा।

शिविरों में यूडी टैक्स जमा कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि से समृद्धि कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों की प्रोफाइलिंग कर उन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी। नए ऋण आवेदन और लंबित मामलों का निस्तारण भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, ओएफसी एवं मोबाइल टावर एनओसी तथा ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी कार्य भी शिविरों में किए जाएंगे।

नगर निगम के अनुसार अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश