शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर अब दो टाइम खुलेंगे, शाम को भी मिलेगी ओपीडी सुविधा

 


जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के शहरी क्षेत्रों में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर अब दो समय खुलेंगे। इन केंद्रों पर खांसी, जुकाम, बुखार समेत अन्य सामान्य बीमारियों के मरीजों के लिए सुबह के साथ-साथ शाम को भी ओपीडी संचालित की जाएगी। नेशनल हेल्थ मिशन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

निदेशक डॉ. सुशील कुमार परमार ने बताया कि शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के समय में बदलाव किया गया है। नए आदेश के अनुसार गर्मियों के मौसम (एक अप्रैल से 30 सितंबर) में ओपीडी सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम पांच बजे से सात बजे तक संचालित होगी। इसी तरह सर्दियों के मौसम (एक अक्टूबर से 31 मार्च) में ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम 4 बजे से 6 बजे तक रहेगा। वहीं रविवार और राजकीय अवकाश के दिन दोनों ही सीजन में ये अस्पताल सुबह 9 से 11 बजे तक एक पारी में संचालित होंगे। यह व्यवस्था 6 मार्च से पूरे प्रदेश में लागू कर दी गई है।

अब आमजन को सुबह के अलावा शाम के समय भी इन केंद्रों पर डॉक्टर को दिखाने की सुविधा मिल सकेगी। वर्तमान में पीएचसी, सीएचसी और अन्य सरकारी अस्पतालों की तरह शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी एक ही पारी में संचालित होते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित