उपसरपंच चुनाव से पहले सांपा गांव में बवाल, दो पक्षों में मारपीट; गाड़ियों में तोड़फोड़

 


पाली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायत चुनाव की सियासी रंजिश उपसरपंच के चुनाव के दौरान विवाद में बदल गई। पाली पंचायत के सांपा गांव में शनिवार को उपसरपंच चुनाव को लेकर जीते हुए सरपंच प्रत्याशी मंगलाराम और हारे हुए प्रत्याशी के समर्थक आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

शनिवार को सांपा गांव में उपसरपंच पद के लिए चुनाव होना था। विजेता सरपंच मंगलाराम कुछ वार्ड पंचों को साथ लेकर मतदान करवाने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हारे हुए सरपंच प्रत्याशी और उनके समर्थकों से उनका सामना हो गया। दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति संभाली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया। मौके पर एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

सदर थानाप्रभारी कपूराराम चौधरी ने बताया कि मामले में दो लोगों को शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को रिपोर्ट नहीं दी गई है। पुलिस-प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित