जिला प्रमुख के बाद उप जिला प्रमुख का चुनावी रण, कहीं निर्विरोध तो कहीं आमने-सामने भाजपा-कांग्रेस
जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में जिला प्रमुखों के चुनाव के बाद अब उप जिला प्रमुख पद को लेकर सियासी तस्वीर सामने आने लगी है। गुरुवार को जिला परिषदों में उप जिला प्रमुख के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। कई जिलों में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए, जबकि कई जगह भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। नागौर में भाजपा-कांग्रेस दोनों ने प्रत्याशी नहीं उतारा, जबकि कुछ जिलों में भारत आदिवासी पार्टी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है।
अब तक सामने आए परिणामों के मुताबिक अलवर में कांग्रेस के अर्जुन सिंह, धौलपुर में वीर सिंह मीणा, दौसा में छोटूराम मीणा और जैसलमेर में हरीश धनदेव निर्विरोध उप जिला प्रमुख चुने गए। इन जिलों में कांग्रेस प्रत्याशियों के सामने किसी अन्य दल या निर्दलीय ने नामांकन नहीं किया।
जयपुर में उप जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस ने वार्ड 18 से जिला परिषद सदस्य सुनील कुमावत को प्रत्याशी बनाया है। कुमावत ने जिला परिषद चुनाव में भाजपा की पूर्व जिला प्रमुख रमा चोपड़ा को हराया था। भाजपा ने वार्ड 35 से निर्वाचित सीताराम शर्मा को मैदान में उतारा है। जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस के 57 में से 42 सदस्य होने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
अजमेर में भाजपा ने नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा की भाभी सुनीता लांबा को उप जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने वार्ड पांच से निर्वाचित रजिया को उम्मीदवार बनाया है। जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा की पूजा भंसाली के जीतने के बाद उप जिला प्रमुख पद पर भी भाजपा का पलड़ा भारी माना जा रहा है। उदयपुर में भाजपा ने मावली के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी को प्रत्याशी बनाया है। डांगी वार्ड 15 से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस ने उदयलाल डामोर को मैदान में उतारा है। उदयपुर जिला परिषद में भाजपा को बहुमत मिलने के कारण दलीचंद डांगी की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
नागौर में मुकाबला सबसे अलग है। यहां भाजपा और कांग्रेस दोनों ने उप जिला प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी नहीं उतारा। आरएलपी की अंजू चौधरी और निर्दलीय उस्मान खान के बीच मुकाबला है। वहीं डूंगरपुर में भाजपा के हितेश रावल और भारत आदिवासी पार्टी की मंजूला रोत आमने-सामने हैं। कांग्रेस ने यहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा।
प्रतापगढ़ में भी सियासी समीकरण दिलचस्प हैं। भारत आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी रमेश मइड़ा को भाजपा ने समर्थन दिया है, जबकि कांग्रेस की ओर से दिनेश जाट मैदान में हैं। सीकर में भाजपा ने बाबूलाल गुर्जर और कांग्रेस ने रमेश को प्रत्याशी बनाया है। दोनों पहली बार जिला परिषद सदस्य चुने गए हैं। बाबूलाल को भाजपा नेता प्रेम सिंह बाजौर का करीबी बताया जा रहा है, जबकि रमेश को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नजदीकी नेताओं में माना जाता है।
बुधवार को हुए जिला प्रमुख चुनाव में भी कांग्रेस का दबदबा रहा। 37 जिला परिषदों में कांग्रेस के 24 जिला प्रमुख बने, जबकि भाजपा के 10, भारत आदिवासी पार्टी के दो और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का एक जिला प्रमुख निर्वाचित हुआ। अब उप जिला प्रमुख के चुनाव में भी कई जिलों में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। पंचायतीराज चुनावों में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होने के कारण राजनीतिक जोड़तोड़ की संभावना बनी रहती है। पार्टी व्हिप लागू नहीं होने से अंतिम समय तक समीकरण बदल सकते हैं। ऐसे में जिन जिला परिषदों में मुकाबला करीबी है, वहां उप जिला प्रमुख के परिणाम सियासी रणनीति और सदस्यों के समर्थन पर निर्भर करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित