बिना लेबल की 3,840 होममेड चॉकलेट सीज: फफूंद लगा नारियल नष्ट
जयपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के दौरान मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत ड्राई फ्रूट्स, मिठाइयों और चॉकलेट विक्रेताओं के यहां निरीक्षण एवं कार्रवाई की। इस दौरान विद्याधर नगर स्थित ड्राई फ्रूट्स हाउस से बिना अनिवार्य लेबलिंग वाली 3,840 होममेड चॉकलेट, 51 पैकेट आयातित चॉकलेट तथा अंजीर एवं खजूर से बनी मिठाइयों के 70 पैकेट सीज किए गए। वहीं, फफूंद लगे करीब दो किलोग्राम सूखे नारियल को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान होममेड चॉकलेट पॉलीथिन में लिपटी मिलीं, जिन पर आवश्यक खाद्य लेबलिंग नहीं थी।
टीम ने नॉटी नट्स से टाइनी मिनी सौंफ तथा गणपति पैराडाइज, विद्याधर नगर स्थित कामदार ड्राई फ्रूट्स से बादाम कतरन के नमूने लिए। वैशाली नगर स्थित महेश्वरी टी कॉर्पोरेशन सहित अन्य प्रतिष्ठानों से भी बादाम कतरन और मुनक्का के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
डॉ. रवि शेखावत ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने, उचित पैकेजिंग और अनिवार्य लेबलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों पर ड्राई फ्रूट्स, मिठाइयां और चॉकलेट खरीदते समय निर्माण एवं अंतिम उपयोग की तिथि, सामग्री का विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी जरूर जांचें। खुले या बिना उचित लेबल वाले खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए निरीक्षण, नमूनीकरण और नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश