देश व विकास के एजेंडे को बाधित करता है फॉल्स नरेटिव गढऩे का षड्यंत्र: शेखावत
जोधपुर, 11 जून (हि.स.)। एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी द्वारा सोशल मीडिया इंफ्यूएंसर्स के माध्यम से जोधपुर के नए एयरपोर्ट टर्मिनल को लेकर सोशल मीडिया पर निगेटिव कैंपेन चलाने की तैयारी पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के फॉल्स नरेटिव गढऩे का षड्यंत्र देश और विकास, दोनों ही एजेंडों को बाधित करता है।
गुरुवार को यहां जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के दुष्प्रचार से सोशल मीडिया की क्रेडिबिलिटी तार-तार होती है। ऐसी चीजों का खंडन भी हो, और यह विषय जनता के संज्ञान में भी लाया जाए, यह मेन स्ट्रीम मीडिया की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग बेनकाब हों और देश और दुनिया के सामने ऐसे लोगों का षड्यंत्र ठीक से प्रदर्शित हों, यह हम सब की जिम्मेदारी है। केंद्रित मंत्री गजेन्द्र शेखावत ने कहा कि पिछले 12 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ईमानदारी से योजनाओं को धरातल पर उतारने की वजह से जो परिवर्तन आया है, उसे पूरा विश्व देख रहा है। शेखावत ने कहा कि पूरा विश्व इस बदली हुई परिस्थिति में भारत की तरफ एक आशा के दृष्टिकोण और नए विश्वास की नजर से देख रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत आर्थिक, सैन्य दृष्टि के साथ-साथ अन्य दृष्टिकोण से आत्मनिर्भर होते हुए विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह सब भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक लंबे समय तक काम करने के दौरान नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की स्पष्ट नीति का परिणाम रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश