बढ़ती मांग के बीच पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति जारी

 


जयपुर, 27 मई (हि.स.)। देशभर सहित राजस्थान में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की मांग में अचानक तेजी आने के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटी हुई हैं। इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल ने अपने व्यापक नेटवर्क और 24 घंटे संचालन के जरिए बाजार में ईंधन की उपलब्धता बनाए रखने का दावा किया है।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख तथा राज्य स्तरीय समन्वयक मनोज गुप्ता ने बताया कि हाल के दिनों में कई राज्यों में मौसमी कृषि गतिविधियों और कटाई कार्यों के चलते पेट्रोलियम उत्पादों की खपत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर अपेक्षाकृत कम कीमत होने के कारण खुदरा ग्राहकों और संस्थागत उपभोक्ताओं का रुझान भी तेजी से बढ़ा है।

गुप्ता ने कहा कि तेल कंपनियां अपने टर्मिनल, डिपो, पाइपलाइन, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और खुदरा आउटलेट्स के विशाल नेटवर्क के माध्यम से लगातार आपूर्ति बनाए हुए हैं। आपूर्ति दल, परिवहन नेटवर्क और टर्मिनल संचालन टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं, ताकि ईंधन की समय पर सप्लाई और पुनःपूर्ति तय की जा सके।

उन्होंने बताया कि राज्य प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर बाजार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जा रही है। कंपनियां लगातार स्टॉक की स्थिति की समीक्षा कर रही हैं और बढ़ती मांग को देखते हुए लॉजिस्टिक और वितरण व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उपभोक्ताओं से सामान्य खरीदारी जारी रखने और अनावश्यक रूप से घबराकर अतिरिक्त खरीदारी नहीं करने की अपील की गई है।

मनोज गुप्ता ने नागरिकों से कहा कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत एजेंसियों एवं तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। विशेषज्ञों के अनुसार इस समय कृषि कार्यों और कटाई सीजन के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की मांग बढ़ी है। वहीं शहरी क्षेत्रों में परिवहन और वाणिज्यिक गतिविधियों के कारण पेट्रोल और एलपीजी की खपत में भी तेजी देखी जा रही है।

तेल कंपनियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित