बेकाबू कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को मारी टक्कर
जयपुर, 25 मई (हि.स.)। हरमाड़ा थाना इलाके में रफ्तार का खौफनाक कहर देखने को मिला। जहां लोहा मंडी के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे बाइक सवार पति-पत्नी को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों हवा में उछलकर करीब बीस फीट दूर जाकर सड़क पर गिरे। इस दिल दहला देने वाले हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थानाधिकारी उदयभान ने बताया कि तिरुपति विहार निवासी पुष्पेंद्र सिंह अपनी पत्नी वंदना कंवर के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जब वे लोहा मंडी के पास मुख्य सड़क पार कर रहे थे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दंपती सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और फायदा उठाकर आरोपति कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। लोगों ने इलाके में तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों पर लगाम लगाने और पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश