कंटेनर-बोलेरो की टक्कर में चाचा-भतीजे की मौत
बांसवाड़ा, 25 मार्च (हि.स.)। बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। सीमेंट से भरे कंटेनर और बोलेरो के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
यह हादसा रात में कालाखूंटा गांव के पास हुआ। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। बोलेरो में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि गंभीर चोटों के चलते दोनों युवकों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मांडली छोटी निवासी बसु पुत्र नरसिंह और कान्हा पुत्र विक्रम के रूप में हुई है।
थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित