उदयपुर में शिवलिंग खंडित करने पर उबला जनआक्रोश: प्रदर्शन, बाजार कराए बंद, मुख्य आरोपी फिरोज गिरफ्तार
उदयपुर, 19 सितंबर (हि.स.)।
झीलों की नगरी उदयपुर के सूरजपोल थानाक्षेत्र के इंदिरा नगर बीड़ा स्थित मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा शिवलिंग और धार्मिक प्रतिमाएं खंडित किए जाने की घटना के बाद शहर में तनाव और भारी जनआक्रोश व्याप्त हो गया है। घटना के विरोध में शनिवार सुबह हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में देहलीगेट चौराहे पर एकत्र हुए और मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर उग्र प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। देहलीगेट पर चक्काजाम और उग्र नारेबाजी के बाद आक्रोशित भीड़ शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों बापू बाजार और नाड़ाखाड़ा पहुंची, जहां विरोध स्वरूप व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों को बंद करवा दिया गया। शहर में बिगड़ते माहौल को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। दोपहर में मीडिया को जारी आधिकारिक बयान में डीवायएसपी छवि ने बताया कि प्रकरण में गहन अनुसंधान जारी है और घटना के मुख्य संदिग्ध उदयपुर निवासी फिरोज को शुक्रवार रात ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस व प्रशासनिक उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मामले में कानून सम्मत और सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसके साथ ही शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समाज के प्रबुद्धजनों के साथ समझाइश का दौर भी जारी है। फिलहाल शहर के प्रमुख बाजारों में एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता