उदयपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली; एटीएस और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
उदयपुर, 04 मई (हि.स.)।उदयपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। घटना के बाद से ही एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस), पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर डटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे एक ईमेल के जरिये कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। उस समय कोर्ट की कार्यवाही शुरू होने वाली थी और वकील, कर्मचारी व पक्षकार परिसर में पहुंचने लगे थे। सूचना मिलते ही प्रशासन ने बिना देर किए सुरक्षा के मद्देनजर सभी लोगों को बाहर निकाल दिया।
इसके बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एटीएस की टीमों ने कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। टीम के सदस्य कोर्ट के हर कमरे, कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही, जिस ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई है, उसकी तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है। साइबर टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है।
फिलहाल, किसी भी संदिग्ध वस्तु मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं और जांच जारी है।
इधर, वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट अशोक सिंघवी ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी अधिवक्ता कोर्ट परिसर से बाहर आ गए और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता