यू-टर्न पर दो कारों की भिड़ंत, युवती की मौत, चार गंभीर घायल
उदयपुर, 10 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले के गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कृष्ण कन्हैया होटल के पास यू-टर्न पर दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार करीब 20 फीट तक घिसटती हुई सड़क के बीच पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस के एएसआई नंदलाल नागदा जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने डिंपल पुत्री कपूरचंद सुथार (22) निवासी सुमेरपुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जीनल पुत्री कपूरचंद सुथार (18), वृंदा पुत्री जयंतीलाल सुथार (21), वरुण (25) तथा उसकी बहन डिंपल पुत्री जयंतीलाल सुथार (18) को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार एक कार पाली जिले के सुमेरपुर से उदयपुर की ओर आ रही थी, जबकि दूसरी कार गोगुंदा से जसवंतगढ़ की तरफ जा रही थी। यू-टर्न के दौरान दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। दूसरी कार में सवार पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने शव को गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता