जयपुर एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ शुरू, 10 रुपए में मिलेगा रिफ्रेशमेंट

 


जयपुर, 29 मार्च (हि.स.)। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत की गई है, जहां मात्र 10 रुपये में रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया जाएगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने रविवार को इसका वर्चुअल उद्घाटन किया।

एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 के प्री-चेक-इन प्रस्थान क्षेत्र में शुरू किए गए इस कैफे में यात्रियों को पानी, चाय, कॉफी, स्नैक्स सहित अन्य खाद्य पदार्थ किफायती दरों पर उपलब्ध होंगे। इस पहल का उद्देश्य हवाई यात्रा को आम और मध्यम वर्ग के लिए अधिक सुलभ और किफायती बनाना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ‘उड़ान यात्री कैफे’ सरकार की उस सोच का हिस्सा है, जिसके तहत हवाई यात्रा को आसान और सभी वर्गों के लिए सुलभ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किफायती दरों पर आवश्यक खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराकर यह पहल यात्रियों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करेगी। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यह पहल ‘उड़ान’ योजना को मजबूती देने के साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे एयरपोर्ट सेवाएं अधिक समावेशी बनेंगी। उद्घाटन के दौरान मुख्य हवाई अड्डा सुरक्षा अधिकारी नवीन भगत, इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी सैरेम सरत कुमार, सीआईएसएफ के उप कमांडेंट देवराज और मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी अनिमेष भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट राज्य का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। वित्त वर्ष 2024-25 में यहां 60 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जबकि प्रतिदिन करीब 120 उड़ानों का संचालन होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश