झुंझुनू में कैंपर की टक्कर से बाइक सवार दाे युवकों की मौत

 


झुंझुनू, 08 अगस्त (हि.स.)। झुंझुनू जिले में शुक्रवार रात करीब बारह बजे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक होटल में खाना खाने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को कैंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरे युवक को गंभीर हालात में उपचार के लिए सीकर भेजा गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कैंपर का टायर फटने से उसमें आग लग गई। दोनों युवक हांसलसर गांव के रहने वाले थे। मामला बड़ागांव में गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र में का है।

गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी इंद्र प्रकाश यादव ने बताया कि दोनों युवक शुक्रवार रात 12 बजे होटल से खाना खाकर वापस अपने बाइक से लौट रहे थे। कैंपर ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरे युवक ने सीकर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक प्रदीप राव (30) पुत्र इंद्राज राव और सुभाष (32) पुत्र महिपाल दोनों हांसलसर गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने दो युवकों की मौत से आक्रोश होकर घटनास्थल पर नारेबाजी करनी शुरू कर दी।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने कैंपर में सवार दो लोगों को पकड़ लिया। वहीं दो अन्य लोग मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने समझाइश कर स्थिति को संभाला। थानाधिकारी ने बताया कि कैम्पर की टक्कर दो युवकों की मौत हुई है। हादसे बाद कैम्पर चालक ने भागने की कोशिश की, आधा एक किलोमीटर भागे, मगर टायर ब्लास्ट हो गया। इससे आग लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने ड्राइवर और एक अन्य युवक को पकड़ लिया। इनसे पूछताछ कर रहे हैं। परिजनों ने रिपोर्ट दी है।

थानाधिकारी ने बताया कि मृतक प्रदीप राव (30) कुंवारा था। माता-पिता का पांच साल पहले निधन हो गया था। एक छोटी बहन है और एक बड़ा भाई है। जो टैक्सी ड्राइवर है। फिलहाल प्रदीप कोई काम नहीं करता था। वहीं मृतक सुभाष (32) खेती करता था। बड़े भाई की 8 साल पहले करंट लगने से मौत हो गई थी। प्रदीप की एक बड़ी बहन है। जिसकी शादी हो चुकी है। दोनों दोस्त थे और साथ ही रहते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश