थार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत
झुंझुनू, 29 अक्टूबर (हि.स.)। झुंझुनू जिले के चिड़ावा क्षेत्र में एक थार गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। वहीं मौके पर शांति व्यवस्था बनाने पहुंची पुलिस टीम से भी ग्रामीणों की नोक-झोंक हो गई। हादसा चिड़ावा-मंड्रेला हाईवे पर बुधवार रात को हुआ।
चिड़ावा थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा ने बताया कि सुलताना का बास निवासी राजेश सैनी (45), पिता महेंद्र सैनी, ओमप्रकाश सैनी (58), पिता इंद्र सिंह सैनी और अशोक पिता रामकुमार, मोटरसाइकिल से सुलताना का बास से कोपरिया कुआं जा रहे थे। तभी सामने से आ रही थार गाड़ी ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी वाहन से हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने राजेश सैनी और ओमप्रकाश सैनी को मृत घोषित कर दिया। अशोक को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया। दोनों के शव चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाए गए। राजेश सैनी खेती-बाड़ी करते थे। उनके परिवार में 14 साल का बेटा और 10 साल की बेटी है। ओमप्रकाश सैनी मजदूरी करते थे। उनके दो बेटे हैं, दोनों शादीशुदा हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश