निर्माणाधीन मकान के टैंक में डूबीं दो मासूम बच्चियां

 


जयपुर, 06 मई (हि.स.)। शिप्रापथ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में पांच साल की दो मासूम बच्चियों की पानी से भरे टैंक में डूबने से मौत हो गई। यह घटना जगन्नाथपुरी सेकेंड इलाके की है। जहां दोनों बच्चियां खेलते-खेलते पड़ोस में बन रहे निर्माणाधीन मकान में बने टैंक में गिर गईं। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि राधिका (5) पुत्री पप्पू कुमार निवासी बिहार और गोसिया उर्फ ओसिया (5) पुत्री जाकिर निवासी उत्तर प्रदेश मंगलवार देर शाम करीब सवा 7 बजे घर से खेलने के लिए निकली थीं। करीब 15–20 मिनट तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद परिजन निर्माणाधीन मकान तक पहुंचे। जहां टैंक के पास एक बच्ची की चप्पल मिली। शक होने पर परिजनों ने टैंक में झांका तो दोनों बच्चियों के शव पानी में तैरते मिले। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत टैंक से बाहर निकाल कर जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। कुछ प्रक्रियाएं सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में भी पूरी की गईं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किए गए। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिंह ने बताया कि जिस टैंक में हादसा हुआ वह करीब 8 फीट गहरा था। जिसमें लगभग 6 फीट पानी भरा हुआ था। निर्माण स्थल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण परिजनों का ध्यान उधर नहीं गया। दोनों परिवार शिप्रापथ क्षेत्र में किराये पर रहते हैं और एक-दूसरे के पड़ोसी हैं। राधिका के पिता पप्पू कुमार भांकरोटा क्षेत्र में पेंटिंग का काम करते हैं, जबकि गोसिया के पिता जाकिर विकलांग हैं और रिक्शे पर मोबाइल एक्सेसरीज बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गोसिया अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी, जबकि राधिका के परिवार में एक और बच्चा है। करीब 3-4 वर्षों से जयपुर में रह रहे इन दोनों परिवारों पर इस हादसे के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इलाके में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश