निर्माणाधीन पुल के पास 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरी बाइक, दो दोस्तों की मौत

 


बांसवाड़ा, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के राजतालाब थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के पास हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक देर रात पावर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर पुल के समीप बने करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह राहगीरों ने गड्ढे में बाइक और शव पड़े देखे तो पुलिस व परिजनों को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार वडली पाड़ा भापोर निवासी पंकज (20) पुत्र कालिया निनामा और सुनील (21) पुत्र राजू दायमा सोमवार रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। भापोर रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के पास निर्माणाधीन पुल पर पहुंचने के दौरान अंधेरे में वे सड़क की स्थिति का अंदाजा नहीं लगा सके। इसी दौरान बाइक असंतुलित होकर सीधे गहरे नालेनुमा गड्ढे में जा गिरी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मंगलवार सुबह राहगीरों की नजर गड्ढे में गिरी बाइक और दोनों युवकों के शवों पर पड़ी। इसके बाद तत्काल राजतालाब थाना पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। अपने बेटों के शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। महिलाएं शवों के पास बैठकर बिलखती रहीं और उन्हें वहां से हटाना मुश्किल हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवकों की मौत रात में ही हो चुकी थी। सुबह तक शव गड्ढे में पड़े रहे और शरीर अकड़ चुके थे। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह परिजनों को संभाला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को गड्ढे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार पंकज (प्रकाश) मध्यप्रदेश के जावरा में मजदूरी करता था और करीब आठ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। वह परिवार में सबसे छोटा था। वहीं सुनील केरल में मजदूरी करता था और करीब दस दिन पहले घर आया था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दोनों युवक अविवाहित थे और अच्छे दोस्त थे। उनकी एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित