जयपुर में दो दिन रहेगा ट्रैफिक अलर्ट: निर्जला एकादशी और मोहर्रम पर परकोटे में नो-एंट्री

 


जयपुर, 24 जून (हि.स.)। राजधानी जयपुर में 25 और 26 जून को निर्जला एकादशी एवं मोहर्रम के आयोजनों को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। श्री गोविंद देवजी मंदिर में निर्जला एकादशी पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ तथा मोहर्रम पर ताजियों के जुलूस के मद्देनजर परकोटे के कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं प्रमुख बाजारों में पार्किंग पर भी पूर्ण रोक लगाई गई है।

यातायात पुलिस उपायुक्त योगेश गोयल ने आमजन से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए भीड़भाड़ वाले मार्गों के बजाय निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

यातायात पुलिस उपायुक्त योगेश गोयल ने बताया कि 25 जून को निर्जला एकादशी के अवसर पर श्री गोविंद देवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सार्दुल सिंह की नाल से जलेबी चौक, गोविंद देवजी सब्जी मंडी से मंदिर तथा आतिश गेट से जलेबी चौक की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा सुबह 4 बजे से दोपहर 1 बजे तक चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, बापू बाजार, जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, त्रिपोलिया बाजार और गणगौरी बाजार में किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। वहीं मोहर्रम के अवसर पर 25 जून की रात विभिन्न क्षेत्रों से ताजिए बड़ी चौपड़ पहुंचेंगे और पुनः अपने गंतव्य की ओर लौटेंगे। इस दौरान रात 8 बजे से देर रात तक संजय सर्किल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाटगेट, गलता गेट और रामगढ़ मोड़ से परकोटे में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। यातायात दबाव बढ़ने पर पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन भी किया जाएगा।

इसी अवधि में वीकेआई रोड नंबर-14, कालवाड़ पुलिया, सिरसी पुलिया, 200 फीट अजमेर रोड, न्यू सांगानेर मोड़, गोपालपुरा मोड़, ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा, धोबीघाट, रामगढ़ मोड़ और गलता गेट चौराहा से भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस उपायुक्त योगेश गोयल ने बताया कि 25 जून रात 8 बजे से 26 जून सुबह 6 बजे तक चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, बापू बाजार, जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, सुभाष चौक से रामगढ़ मोड़, माउंट रोड, रामगंज बाजार, घाटगेट बाजार, रामगंज चौपड़ से चार दरवाजा तथा चार दरवाजा से सुभाष चौक तक पार्किंग निषेध रहेगी। इसके अलावा चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार, गोपीनाथ मार्ग, न्यू कॉलोनी चौराहा, सिंह द्वार, इंदिरा बाजार, किशनपोल बाजार, खजाने वालों का रास्ता, एमआई रोड और एमडी रोड पर भी वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

गोयल ने बताया कि 26 जून को दोपहर बाद ताजिए विभिन्न मार्गों से होते हुए बड़ी चौपड़ पहुंचेंगे और वहां से हवामहल बाजार, चांदी की टकसाल, सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट तथा रामगढ़ मोड़ होते हुए कर्बला तक जाएंगे। इसके चलते संजय सर्किल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाटगेट, गलता गेट, माउंट रोड गैटोर टी-पॉइंट, कागदीवाड़ा नाला, रामगढ़ मोड़ और आमेर तिराहा से परकोटे में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

यातायात पुलिस उपायुक्त योगेश गोयल ने बताया कि दोपहर से देर रात तक भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। वहीं शाम 4 बजे से देर रात तक चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, बापू बाजार, जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, रामगंज बाजार, घाटगेट बाजार, माउंट रोड, सुभाष चौक से रामगढ़ मोड़ तथा रामगढ़ मोड़ से कर्बला तक पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अतिरिक्त चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार, इंदिरा बाजार, किशनपोल बाजार, खजाने वालों का रास्ता, एमआई रोड और एमडी रोड पर भी वाहन पार्क नहीं किए जा सकेंगे।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी लेने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश