बोलेरो की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत, वाहनों में लगी आग

 


सीकर, 06 अप्रैल (हि.स.)। सीकर में सोमवार को एक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बोलेरो के नीचे फंस गई और दोनों वाहनों में आग लग गई।

हादसा सीकर-उदयपुरवाटी रोड पर शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर भेरुजी स्टैंड के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु करवाया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पुरोहित का बास, लक्खीपुरा निवासी रामचंद्र गोस्वामी (39) और मुकेश गोस्वामी (30) के रूप में हुई है। दोनों आरसीसी ढलाई का काम करते थे और सोमवार को बाइक से काम के लिए शहर जा रहे थे। इसी दौरान उदयपुरवाटी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दोनों सड़क किनारे जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को एसके हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है।

इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मुकेश गोस्वामी तीन बहनों का इकलौता भाई था, उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी चार बेटियां हैं और पत्नी सुमन गर्भवती हैं। परिवार में 21 जून को बहन की शादी प्रस्तावित है, जिससे पहले ही यह हादसा हो गया।

वहीं, रामचंद्र गोस्वामी अपने पीछे एक बेटी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।हादसे के बाद सड़क पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित