शेखावत की 103वीं जयंती पर नमन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्मृति स्थल पर अर्पित की पुष्पांजलि

 




जयपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के दिग्गज नेता और पूर्व उपराष्ट्रपति एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भैरोंसिंह शेखावत की 103वीं जयंती पर शुक्रवार को प्रदेशभर में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। जयपुर के विद्याधर नगर स्थित स्मृति स्थल पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे। दोनों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शेखावत को नमन किया और उनके योगदान का स्मरण किया।

इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय शेखावत के परिजनों से मुलाकात की तथा श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया। कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद मदन राठौड़, सतीश पूनियां सहित विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्मृति स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भैरोंसिंह शेखावत ने राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में उन्होंने देश के उपराष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी भी संभाली। उनका राजनीतिक जीवन जनसेवा, प्रशासनिक अनुभव और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए याद किया जाता है।

उनकी जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उन्हें नमन करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और राजस्थान के विकास में दिए गए योगदान को स्मरण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित