शहर में भाजपा ने पौधारोपण कर की बावड़ी की सफाई, विश्व पर्यावरण दिवस पर दिया स्वच्छता का संदेश
चित्तौड़गढ़, 05 जून (हि.स.)। केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा के 12 साल बेमिसाल अभियान की शुरुआत शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस से हुई। चित्तौड़गढ़ नगर मंडल ने इंदिरा गांधी स्टेडियम में पौधारोपण किया। इसके बाद गांधीनगर में त्रिपोलिया हनुमानजी स्थित प्राचीन बावड़ी की सफाई कर अभियान का शुभारंभ किया।
शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में भाजपा जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया। सांसद सीपी जोशी, जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी आदि ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांधीनगर त्रिपोलिया हनुमानजी क्षेत्र की ऐतिहासिक बावड़ी पहुंचे। यहां स्वच्छता अभियान चला कर प्राचीन बावड़ी के संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ताओं ने मानवीय श्रृंखला बना कर बावड़ी के भीतर जमा घास-फूस, कचरा, झाड़-झंखाड़ और दीवारों पर उगी अवांछित वनस्पतियों को हटाया। श्रमदान के बाद वर्षों से उपेक्षित बावड़ी का स्वरूप निखर कर सामने आया। स्थानीय लोगों ने इस पहल को सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस दौरान सांसद सीपी जोशी, जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी और विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने कहा कि 12 साल बेमिसाल अभियान 5 जून से 21 जून तक चलेगा। इसके जरिए केंद्र सरकार के 12 वर्षों के जनकल्याण, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, किसान हितैषी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धियों के प्रचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण जैसे कार्यों से जनता को जोड़ने का भी प्रयास है। आगामी दिनों में सेवा, जनजागरण और जनसंपर्क कार्यक्रम होंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश एवं जिले के कई पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल