विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू होगा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, मुख्यमंत्री करेंगे राज्य स्तरीय शुभारंभ
जयपुर, 04 जून (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और आमजन को प्रकृति से भावनात्मक रूप से जोड़ने के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को राज्य स्तरीय ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान एवं हरियालो राजस्थान-2026 का शुभारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर स्थित विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत करेंगे।
वन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 10 बजे विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से होगी। इस अवसर पर वन मंत्री संजय शर्मा, जिला प्रभारी मंत्री, स्थानीय सांसद एवं विधायक, मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
वन विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2024 में शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपनी माताओं के सम्मान में वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक और भावनात्मक सरोकारों से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता की जाएगी।
सरकार का मानना है कि मुख्यमंत्री द्वारा अभियान के शुभारंभ से जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों और आमजन की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। कार्यक्रम स्थल विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान वन विभाग का संरक्षित जैव विविधता उद्यान है, जहां राज्य की विभिन्न वानिकी प्रजातियों का संरक्षण किया जाता है। सुरक्षित फेंसिंग और पर्याप्त जल स्रोत उपलब्ध होने के कारण यहां लगाए जाने वाले पौधों के दीर्घकालिक संरक्षण और रखरखाव की बेहतर व्यवस्था है।
कार्यक्रम में प्रातः 10 से 10:05 बजे तक अतिथियों का आगमन एवं स्वागत होगा। प्रातः 10:05 से 10:10 बजे तक मुख्यमंत्री का स्वागत एवं आगमन होगा। प्रातः 10:10 से 10:25 बजे तक मुख्यमंत्री द्वारा पौधारोपण किया जाएगा। प्रातः 10:25 बजे विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब ऑफ राजस्थान के लिए प्रस्थान होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित