पलटते ही धधक उठा लोहे के पाइप से भरा ट्रेलर, चालक की जिंदा जलने से मौत
राजसमंद, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले के भीम उपखंड में सोमवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चुना का भाटा-मलयाथड़ी के पास लोहे के पाइप से भरा एक बेकाबू ट्रेलर अचानक पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चालक की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसा सोमवार रात हुआ।
ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने के बाद आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। हादसे के बाद ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उसमें चालक व खलासी फंस गए। दोनों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। डीएसपी राकेश वर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एएसआई बद्रीलाल और हेड कांस्टेबल कमल मीणा ने बचाव कार्य की निगरानी की।
थानेटा सरपंच मोहन सिंह, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से ट्रेलर का केबिन तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया। इस दौरान आग बुझाने के लिए देवगढ़ से दमकल को बुलाया गया। हादसे में ट्रेलर चालक भागचंद निवासी रामपुर ब्यावर की आग में झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं खलासी सुरेश निवासी मकरेड़ा मांगलियावास ब्यावर गंभीर रूप से झुलस गया। उसका चेहरा और मुंह बुरी तरह झुलस गया है।
घायल खलासी को पहले भीम जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ब्यावर रेफर किया गया और वहां से गंभीर हालत को देखते हुए अजमेर जिला अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल अजमेर के जिला अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में उसका उपचार जारी है।
ट्रेलर में लोहे के पाइप भरे हुए थे। आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को उस पर काबू पाने के लिए करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझाने के बाद जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सीधा कराया गया और उसे सड़क से हटवाया गया।
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाने के बाद यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित