बाड़मेर-मुनाबाव और मेड़ता रोड-रतनगढ़ ट्रेनों को मिला नियमित दर्जा
जोधपुर, 01 जून (हि.स.)। रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर स्पेशल नंबरों से संचालित दो ट्रेनों को नियमित पैसेंजर ट्रेनों के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद इन ट्रेनों को स्थाई नंबर आवंटित कर दिए गए हैं।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 04879/04880 बाड़मेर-मुनाबाव-बाड़मेर स्पेशल को नियमित नंबर 74879/74880 तथा ट्रेन संख्या 04851/04852 मेड़ता रोड-रतनगढ़-मेड़ता रोड स्पेशल को नियमित नंबर 74827/74828 से संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन ट्रेनों को स्पेशल की बजाय सामान्य पैसेंजर ट्रेन का दर्जा मिलने से यात्रियों को किराए में राहत मिलेगी। अब यात्रियों से स्पेशल अथवा एक्सप्रेस श्रेणी के बजाय पैसेंजर ट्रेन के अनुरूप किराया लिया जाएगा। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।
ट्रेन संख्या 74879 बाड़मेर-मुनाबाव पैसेंजर प्रतिदिन शाम 5.15 बजे बाड़मेर से रवाना होकर शाम 7.30 बजे मुनाबाव पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 74880 मुनाबाव-बाड़मेर पैसेंजर प्रतिदिन सुबह 5.30 बजे मुनाबाव से प्रस्थान कर सुबह 7.45 बजे बाड़मेर पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 74827 मेड़ता रोड-रतनगढ़ पैसेंजर प्रतिदिन सुबह 7.30 बजे मेड़ता रोड से रवाना होकर सुबह 11.55 बजे रतनगढ़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 74828 रतनगढ़-मेड़ता रोड पैसेंजर प्रतिदिन शाम 5.30 बजे रतनगढ़ से प्रस्थान कर रात्रि 10.20 बजे मेड़ता रोड पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार दोनों ट्रेनों के संचालन समय, मार्ग और ठहराव पूर्ववत रहेंगे। केवल ट्रेन नंबर और श्रेणी में परिवर्तन किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश