टोल प्लाजा के पास ट्रेलर ने आरटीओ गार्ड को कुचला, मौके पर मौत
पाली, 29 मई (हि.स.)। जिले में जाडन टोल प्लाजा के पास गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में आरटीओ विभाग के संविदाकर्मी गार्ड की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने वाहन जांच के दौरान गार्ड को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि शव की हालत देखकर मौके पर मौजूद आरटीओ इंस्पेक्टर की तबीयत भी बिगड़ गई। आरोपित ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार केशव नगर निवासी रामलाल (52) जाडन टोल प्लाजा के पास आरटीओ टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे पाली से सोजत की ओर जा रहे एक ट्रेलर को रोकने के लिए रामलाल सड़क पर पहुंचे और चालक को वाहन साइड में लेने का इशारा किया। इसी दौरान चालक ने ट्रेलर सीधे रामलाल के ऊपर चढ़ा दिया। ट्रेलर का टायर उनके सिर और सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आरटीओ इंस्पेक्टर शंभूलाल बलाई ने बताया कि हादसे के बाद रामलाल की चीख सुनकर टीम मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से बांगड़ हॉस्पिटल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की भयावह स्थिति देखकर इंस्पेक्टर शंभूलाल बलाई की तबीयत भी बिगड़ गई। उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
मृतक रामलाल आर्मी से रिटायर सैनिक थे और पिछले करीब आठ वर्षों से आरटीओ कार्यालय पाली में संविदा पर गार्ड के रूप में कार्यरत थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित