ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को कुचला, मां-बेटे और भतीजे की मौत
अजमेर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। किशनगढ़ में परिवार के साथ खोड़ा माता के दर्शन करने निकले भोलूराम नायक को शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है। रविवार शाम नेशनल हाईवे-48 पर होटल एकता के सामने पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पत्नी ममता, सात वर्षीय बेटे कालू और नौ वर्षीय भतीजे रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भोलूराम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने एक ही झटके में परिवार की खुशियां छीन लीं।
घटना रविवार शाम करीब चार बजे किशनगढ़ शहर थाना क्षेत्र में सिलोरा के पास हुई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। किशनगढ़ थानाधिकारी नरपत राम बाना के अनुसार, सरवाड़ी गेट निवासी भोलूराम नायक अपनी पत्नी ममता (27), बेटे कालू (7) और अपने भतीजे रोहित (9), पुत्र प्रकाश के साथ खोड़ा माता के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान हिमाचल से मुंबई की ओर जा रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर बाइक सवारों को कुचलता हुआ आगे निकल गया।
हादसा इतना गंभीर था कि महिला और दोनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक और सड़क पर बिखरे सामान के बीच दर्दनाक मंजर दिखाई दिया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रेलर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर किशनगढ़ शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को लोडिंग टेम्पो की मदद से राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल किशनगढ़ की मोर्चरी में भिजवाया।
गंभीर रूप से घायल भोलूराम को पहले राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए अजमेर रेफर कर दिया। भीषण दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक साथ तीन लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित