ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर फटने से लोहे का कवर सिर में लगा, युवक की मौत
जयपुर, 10 मई (हि.स.)। सांगानेर सदर थाना इलाके में रविवार सुबह अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर फटने से एक्सल पर लगा लोहे का कवर उखड़कर करीब 10 फीट दूर जा रहा युवक के सिर में जा लगा। इस हादसे में युवक का सिर फट गया और उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। हादसे के बाद लहूलुहान होकर सड़क पर गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाधिकारी अनिल जैमन ने बताया कि हादसा वाटिका सिटी क्षेत्र में रविवार सुबह 8 बजे हुआ। जहां विनोदी लालपुरा सांगानेर सदर निवासी रोहित धानका (19) वाटिका बस स्टैंड से पैदल जा रहा था। इसी दौरान वाटिका से रिंग रोड की ओर जा रही अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का अचानक टायर फट गया। तेज धमाके के साथ एक्सल पर लगा लोहे का कवर उखड़कर हवा में उछला और रोहित के सिर में जा लगा। इस हादसे के बाद रोहित लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हेड कांस्टेबल राम सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश