जोधपुर एवं मारवाड़ क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं: मेहता

 


जोधपुर, 24 मार्च (हि.स.)। मारवाड़ क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान देने तथा पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से देश के विभिन्न राज्यों से आए 32 ट्रेवल एजेंटों के लिए इंडिया आउटबॉक्स प्राइवेट लिमिटेड एवं टुअर्स डायरेक्टर द्वारा आयोजित फैम (फैमिलियराइजेशन) ट्रिप के अंतर्गत एक विशेष स्वागत एवं परिचय कार्यक्रम का आयोजन होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (जोधपुर यूनिट) द्वारा किया जाएगा।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (जोधपुर यूनिट) के अध्यक्ष पवन मेहता ने बताया कि जोधपुर एवं मारवाड़ क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां का ऐतिहासिक वैभव, सांस्कृतिक धरोहर, लोक परंपराएं एवं आतिथ्य सत्कार देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। विशेष रूप से नाइट टूरिज्म को विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार की पहल सराहनीय है, जिससे पर्यटन को नई गति मिलेगी।

उन्होंने इस दिशा में निरंतर सहयोग एवं सकारात्मक सोच के लिए जोधपुर के सांसद एवं केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी तथा स्थानीय विधायक अतुल भंसाली का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जोधपुर पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

इंडिया आउटबॉक्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक विन्त्री विलियम्स एवं टुअर्स डायरेक्टर के निदेशक नरेंद्र सिंह खीची ने बताया कि इस ट्रिप का उद्देश्य देश के प्रमुख ट्रेवल एजेंटों को मारवाड़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, समृद्ध संस्कृति, विरासत एवं होटल उद्योग की सुविधाओं से परिचित कराना है, ताकि भविष्य में वे अधिक से अधिक देशी एवं विदेशी पर्यटकों को जोधपुर एवं मारवाड़ क्षेत्र की यात्रा के लिए प्रोत्साहित कर सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश