तत्काल आरक्षण प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने हेतु कोटा मंडल में टोकन प्रणाली लागू

 


कोटा, 23 मई (हि.स.)। यात्रियों को तत्काल टिकट आरक्षण के दौरान अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के सभी स्टेशनों पर टोकन वितरण प्रणाली लागू की गई है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से तत्काल टिकट आरक्षण प्रक्रिया को सरल, व्यवस्थित एवं यात्री अनुकूल बनाया गया है, जिससे यात्रियों को निर्धारित क्रम में सहज रूप से टिकट प्राप्त हो सकेंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि तत्काल आरक्षण के दौरान बेहतर कतार प्रबंधन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। नई व्यवस्था के अनुसार वातानुकूलित श्रेणी के लिए प्रातः 9:00 बजे से 9:25 बजे तक तथा शयनयान श्रेणी के लिए प्रातः 9:30 बजे से 9:55 बजे तक टोकन वितरित किए जाएंगे। इसके उपरांत यात्रियों को टोकन क्रम के अनुसार तत्काल टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। यात्रियों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय पर बुकिंग कार्यालय पहुंचकर टोकन प्राप्त करें तथा सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तत्काल आरक्षण व्यवस्था का लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव