तिंवरी रेलवे स्टेशन पर विजुअल डिस्प्ले यूनिट प्रणाली प्रारंभ
जोधपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने जोधपुर मंडल के राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड स्थित तिंवरी रेलवे स्टेशन पर आधुनिक विजुअल डिस्प्ले यूनिट (वीडीयू) प्रणाली प्रारंभ कर दी है। इस नई तकनीक के लागू होने से स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित,सुचारु और निर्बाध होगा। इसका लाभ यात्री ट्रेनों के साथ-साथ मालगाडिय़ों के संचालन को भी मिलेगा।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि वीडीयू प्रणाली भारतीय रेलवे की इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से स्टेशन मास्टर कंप्यूटर स्क्रीन पर स्टेशन का पूरा ट्रैक लेआउट देखकर सिग्नल, पॉइंट (लाइन बदलने वाले उपकरण) और ट्रेनों के मार्ग का संचालन करते हैं। इससे ट्रेनों का आवागमन अधिक सुरक्षित,सटीक और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि तिंवरी स्टेशन पर स्थापित डुअल वीडीयू प्रणाली में दो स्वतंत्र नियंत्रण इकाइयां हैं। यदि किसी कारणवश एक इकाई में तकनीकी खराबी आ जाती है, तो दूसरी इकाई तत्काल सक्रिय होकर संचालन संभाल लेती है। इससे ट्रेन संचालन बाधित नहीं होता,डाउनटाइम कम होता है तथा रेल परिचालन की विश्वसनीयता और सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह इस प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशन किया गया। सभी तकनीकी परीक्षण और कार्यात्मक जांच पूरी होने के बाद इसे नियमित रेल संचालन के लिए सेवा में शामिल कर दिया गया। आधुनिक तकनीक पर आधारित यह उन्नयन तिंवरी रेलवे स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को अधिक सुरक्षित,समयबद्ध और भरोसेमंद रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश