सरिस्का से निकलकर थानागाजी कस्बे में पहुंचा बाघ, सड़क पर दिखा तो थम गए वाहनों के पहिए

 




अलवर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। सरिस्का टाइगर रिजर्व से निकलकर एक बाघ मंगलवार रात थानागाजी कस्बे तक पहुंच गया। बाघ के सड़क पार करते दिखाई देने पर वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। कुछ लोगों ने उसका वीडियो भी बनाया। कस्बे में बाघ के पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस ने लोगों को मौके से दूर रहने की हिदायत दी।

बाघ सरकारी पीजी कॉलेज की ओर से होते हुए पुलिस थाने के पास तक पहुंचा। रात करीब नौ बजे सड़क पार करते समय उसकी नजर पड़ते ही सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों को बाघ के पीछे जाने या उसके करीब पहुंचने से रोका।

थानाधिकारी महावीर ने कस्बेवासियों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवर की गतिविधि को देखते हुए लोग सुबह अंधेरे में घर से बाहर न निकलें और दिन निकलने के बाद ही बाहर जाएं। मॉर्निंग वॉक और इवनिंग वॉक करने वालों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सरिस्का वन विभाग की टीम भी मौके की ओर रवाना हुई। टीम बाघ की लोकेशन और उसके जंगल की ओर लौटने की दिशा पर नजर रखेगी। बाघ के कस्बे के नजदीक पहुंचने के बाद देर रात तक लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रही।

इधर सरिस्का के अलवर बफर रेंज के चोड़ की होड़ी-अंधेरी वन क्षेत्र में बाघिन एसटी-2302 अपने शावकों के साथ नजर आई। बाला किला क्षेत्र में बाघिन और शावकों को प्राकृतिक माहौल में विचरण करते देखकर पर्यटकों ने उन्हें कैमरों में कैद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर