बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, दीपोत्सव संपन्न
जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। भाई-बहनों के अटूट प्यार व स्नेह का प्रतीक पर्व भाई दूज का त्योहार बुधवार को पारंपरिक तरीके से हर्षोल्लास व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों पर खूब प्यार लुटाया। भाइयों का मुंह मीठा करवाते हुए उनकी उम्रदराज होने व सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जहां कई जगहों पर भाइयों ने बहन के ससुराल पहुंचकर, तो कई जगह बहनों ने अपने पीहर पहुंचकर भाइयों के कुमकुम तिलक लगाते हुए उनकी कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधे और अपनी सुरक्षा का वचन भी लिया। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को रक्षावचन व विभिन्न प्रकार के उपहार, नकदी एवं वस्त्र आदि भी दिए। इसी के साथ छह दिवसीय दीपोत्सव भी संपन्न हो गया।
कार्तिक त्रयोदशी से शुरू हुए पंच महापर्व के अंतिम दिन बुधवार को यम द्वितीया भाई दूज परंपरागत ढंग से मनाई गई। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि को बहन-भाई के अटूट प्रेम, स्नेह का प्रतीक भाई दूज पर्व पर बहनों ने भाईयों के ललाट पर तिलक लगाकर आरती उतारी और मुंह मीठा करवाया। भाइयों को श्रीफल देकर उनकी लम्बी आयु व जीवन में खुशहाली की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देते हुए भोजन प्रसादी करवाई। अकाल मृत्यु से बचाव के लिए दीपदान करने की शास्त्रोक्त मान्यता के चलते लोगों ने पवित्र जलाशयों में दीपदान भी किया।
प्रचलित कथाओं के अनुसार एक बार यमराज अपनी बहन यमुना से मिलने धरती पर आए। उस दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि थी। भाई को आया देख यमुना ने उन्हें भोजन कराया और तिलक लगाकर आदर सत्कार किया। बहन का प्रेम देखकर यमराज ने कहा कि जो भी व्यक्ति इस तिथि पर यम का पूजन करेगा उसकी अकाल मृत्यु नहीं होगी। उसे यमलोक की यातना भी नहीं सहनी पड़ेगी। तभी से कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमुना नदी में स्नान कर यमराज की पूजा करने का विशेष महत्व है। स्कंद पुराण में लिखा है कि यमराज को प्रसन्न कर, पूजन करने वाले की हर कामना पूरी होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश