राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ से 10-11 अक्टूबर को तीन जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट
जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में गर्मी के बीच मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। विभाग ने 10 और 11 अक्टूबर को तीन जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके प्रभाव से बीकानेर संभाग के साथ सीकर और झुंझुनूं क्षेत्र में मौसम बदल सकता है।
मौसम में संभावित बदलाव के बीच प्रदेश के कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट आई है। शेखावाटी क्षेत्र के सीकर और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। नागौर, टोंक और सिरोही सहित कई क्षेत्रों में रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। हालांकि, दिन में तेज धूप और गर्मी का दौर जारी है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। गुरुवार को पिलानी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
वहीं, चूरू और जैसलमेर में पारा 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिससे दिन में गर्मी का असर बना रहा।
सीकर, फतेहपुर और चूरू सहित शेखावाटी के कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना होने लगा है। सीकर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नागौर और आसपास के क्षेत्रों में भी रात का पारा नीचे रहने से ठंडक महसूस की गई।
मौसम के इस बदलाव के बावजूद दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है।
राजधानी जयपुर में गुरुवार को आसमान साफ रहने के साथ दिनभर धूप रही। हल्की हवा चलने से अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट आ गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल और हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन फिलहाल दिन की गर्मी से राहत मिलने के आसार सीमित हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित