तकनीकी प्रयासों से एक माह में 50 लाख रुपये कीमत के 200 मोबाइल बरामद

 


बीकानेर, 14 अगस्त (हि.स.)। आमजन की सहायता एवं उनकी खोई हुई संपत्ति सुरक्षित वापस दिलाने के उद्देश्य से बीकानेर रेंज पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, आईपीएस, के निर्देशन में रेंज साइबर एवं सोशल मीडिया सेल द्वारा जिला पुलिस के समन्वय, सहयोग, तकनीकी सहायता एवं तत्परता से कार्रवाई करते हुए पिछले 03 दिन से लेकर 04 वर्ष की अवधि में गुम हुए 200 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।

बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर धारकों के चेहरों पर खुशी की मुस्कान लौट आई। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मृदुल कच्छावा, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर, पवन कुमार भदौरिया, सुखविंद्र पाल सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा प्रहलाद राय, पुलिस उप अधीक्षक, लीव रिजर्व, रेंज कार्यालय बीकानेर उपस्थित रहे।

इस कार्रवाई में विमलेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक एवं बाबूलाल डूडी, कांस्टेबल 778, रेंज कार्यालय बीकानेर; गोविंद सिंह, कांस्टेबल 568, जिला बीकानेर; विनोद कुमार, कांस्टेबल 1391, जिला श्रीगंगानगर; रानी, महिला कांस्टेबल 445, जिला हनुमानगढ़ तथा सुनील कुमार, कांस्टेबल 229, जिला चूरू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बीकानेर रेंज पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि मोबाइल फोन अथवा अन्य कोई सामान गुम होने पर तत्काल संबंधित पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस द्वारा तकनीकी संसाधनों एवं उपलब्ध माध्यमों के जरिए गुमशुदा सामान की तलाश कर उसे वास्तविक धारक तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव