दो बाइक की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
उदयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रविवार रात फलासिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 58ई पर बिछीवाड़ा गांव के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में कई युवकों के हाथ-पैर टूट गए, जबकि एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान अनिल कटारा, अक्षय अंगारी और यशवंत हिमात के रूप में हुई है। वहीं, मोहित अंगारी गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने तीनों शवों को झाड़ोल के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां सोमवार सुबह पहचान के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। जांच में सामने आया कि अक्षय, अनिल और मोहित एक ही बाइक पर सवार थे और ओडा गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर बोरिया गांव निवासी यशवंत सवार था, जो उदयपुर की ओर जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात वाहनों की तेज हेडलाइट के कारण सामने से आ रही बाइक का अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे यह हादसा हुआ। दोनों बाइकों के टुकड़े सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। तीनों युवकों की असमय मौत से परिवारों में शोक की लहर है। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, जबकि यशवंत उदयपुर में एक होटल में कुक का काम करता था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित