मरुधर, भोपाल और लीलण एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को बदले मार्ग से चलेंगी

 


जोधपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कुचामन सिटी-नया खारडिय़ा तथा उम्मेद-खारिया खंगार के मध्य ब्रिजों पर गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण 3 अक्टूबर को तीन ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी, जबकि निर्धारित मार्ग के कुछ स्टेशनों पर इनके ठहराव नहीं होंगे।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार कार्य के चलते रेल यातायात के सुचारू संचालन के लिए ट्रेनों के मार्ग में 1 ट्रिप के लिए अस्थाई बदलाव किया गया है। इसी तकनीकी कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14854 जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस तथा 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग जोधपुर-मारवाड़ जंक्शन-अजमेर-फुलेरा होकर संचालित होंगी। दोनों ट्रेनों का परिवर्तित मार्ग में लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर और किशनगढ़ स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। मार्ग परिवर्तन के कारण दोनों ट्रेनों के निर्धारित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव नहीं होंगे। इनमें राईका बाग, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी और सांभर लेक सहित संबंधित मार्ग के अन्य स्टेशन शामिल हैं। भोपाल एक्सप्रेस के मामले में भी जोधपुर कैंट, बनाड़, जाजीवाल, आसरानाडा, पीपाड़ रोड, उम्मेद, खारिया खंगार, जोगी मगरा, जालसू, गच्छीपुरा, बेसरोली, बोरावड़, नया खारडिय़ा और गुढ़ा सहित अतिरिक्त स्टेशनों पर भी ठहराव नहीं होगा।

उपरोक्त कार्य के कारण ट्रेन संख्या 12467 जैसलमेर-जयपुर लीलण एक्सप्रेस सुपरफास्ट 3 अक्टूबर को जैसलमेर से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग बीकानेर-रतनगढ़-चूरू-जयपुर होकर संचालित होगी। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़, चूरू, सीकर, रींगस और जयपुर स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। वहीं देशनोक, नोखा, नागौर, मारवाड़ मूंडवा, मेड़ता रोड बाईपास केबिन, रेन, डेगाना, गच्छीपुरा, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, सांभर लेक, फुलेरा, आसलपुर जोबनेर और कनकपुरा स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश